अमरोहा। शुगर मिल में लोहा तोड़ रहा मजदूर पाड़ से गिरकर घायल हो गया। बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास जारी है।
यह हादसा मंगलवार को देहात थानाक्षेत्र में जोया रोड पर स्थित बंद पड़ी शुगर मिल में हुआ था। यहां पर कुछ मजदूर पुराने लोहा और अन्य सामान को तोड़ रहे थे। इस दौरान जनपद बिजनौर के थाना चांदपुर के बड़ीवाला गांव निवासी सतवीर सिंह काम करते समय पाड़ से गिरकर घायल हो गया था। ठेकेदार ने उसे जोया रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया था। जहां पर उपचार के दौरान बुधवार की शाम सतवीर सिंह की मौत हो गई। मजदूर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। देर रात तक दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास चल रहे थे। मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है। संवाद