दिनदहाड़े युवती समेत तीन लोगों ने सराफ की दुकान से सोने के कुंडल चोरी कर लिए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इससे पहले सराफ कुछ समझ पाता आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने दो युवक और एक युवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरे के आधार पर आरोपियों की खोजबीन कर रही है।
यह घटना नेशनल हाईवे स्थित डिडौली गांव की है। यहां पर स्वर्गीय रोशन लाल वर्मा का परिवार रहता है। उनके बेटे राम प्रकाश वर्मा की हंस ज्वैलर्स के नाम से ज्वैलरी की दुकान है। सोमवार की दोपहर करीब दो बजे राम प्रकाश वर्मा कहीं बाहर गए थे। इस दौरान उनका पोता कृष्णा दुकान पर बैठा था। आरोप है कि तभी दो युवक और एक युवती दुकान पर आए और सोने के कुंडल दिखाने को कहा। कृष्णा ने तीनों को सोने के कुंडल दिखाए। तभी युवती ने झांसा देकर एक जोड़ी कुंडल चोरी कर लिए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बाद में कृष्णा ने सोने का वजन चेक किया, तो तीन ग्राम वजन कम आया। बाजार में 3 ग्राम सोने की कीमत करीब 15 हजार रुपये है। ऐसे सुनील मलिक ने बताया कि सराफ राम प्रकाश वर्मा की तहरीर पर अज्ञात दो युवक और एक युवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरे के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।