अमरोहा। कुंदन मॉडल इंटर कॉलेज अमरोहा में बृहस्पतिवार को बालक वर्ग की संकुल स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की टीमों ने प्रतिभाग कर खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्रपाल सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता की शुरुआत की।
अंडर-19 बालक वर्ग में किसान इंटर कॉलेज ड्योढ़ी वाजिदपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। सर्वोदय इंटर कॉलेज अमरोहा की टीम उपविजेता रही। अंडर-17 वर्ग में मेजबान कुंदन मॉडल इंटर कॉलेज अमरोहा की टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज अमरोहा की टीम उपविजेता रही। इसी तरह अंडर-14 बालक वर्ग में किसान इंटर कॉलेज ड्योढ़ी वाजिदपुर की टीम विजेता और राजकीय इंटर कॉलेज अमरोहा की टीम उपविजेता रही। इस अवसर पर विद्यालय के खेल शिक्षक शिवकुमार सिंह, लोकेश कुमार, नवनीत कुमार और संकुल प्रभारी राजीव सिंह मौजूद रहे।