डिडौली। जोया कस्बे में फास्ट फूड का ठेला लगाने वाले युवक से 500 रुपये मांगने और विरोध करने पर मारपीट के आरोप में यातायात पुलिस के हेड कांस्टेबल राजीव कुमार को एसपी लखन सिंह यादव ने निलंबित कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। डिडौली क्षेत्र की सेकेट्री कॉलोनी निवासी रामप्रकाश जोया कस्बे में फास्ट फूड का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। आरोप है कि मंगलवार रात करीब 8:30 बजे यातायात पुलिस के दो सिपाही उसके ठेले पर पहुंचे और खाने का सामान मांगा।
पुलिसकर्मी होने के कारण डर की वजह से उसने उन्हें सामान दे दिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों सिपाहियों ने शराब पीने के लिए 500 रुपये नकद मांगे और फोनपे से भुगतान करने की बात कही। रामप्रकाश के मुताबिक उसने मजबूरी में उन्हें 500 रुपये दे दिए। कुछ देर बाद जब दोनों सिपाही जाने लगे तो रामप्रकाश ने अपने रुपये वापस मांगे। इस पर दोनों भड़क गए और ठेले में लात मारकर सामान सड़क पर बिखेर दिया।
विरोध करने पर उसके साथ लात-घूसों से मारपीट की गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। रामप्रकाश का यह भी आरोप है कि जाते समय दोनों पुलिसकर्मियों ने उसे धमकी दी कि वे पुलिस में हैं और अब उसका ठेला वहां नहीं लगने देंगे। इसके बाद रामप्रकाश ने एसपी से शिकायत कर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की। शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसपी लखन सिंह यादव ने हेड कांस्टेबल राजीव कुमार को निलंबित कर दिया और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों की लापरवाही, अनियमितता और आमजन के साथ अभद्र व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभागीय जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।