गजरौला में हाईवे पर डांस को दौरान भिड़े कांवड़ियों को देखने के लिए लगी भीड़।
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला (अमरोहा)। डीजे पर डांस करने को लेकर मुरादाबाद के तीन बेड़ों के कांवड़िये आपस में भिड़ गए। इस दौरान नौबत मारपीट तक आ पहुंची और उनके बीच जमकर गालीगलौज और नोकझोंक भी हुई। इससे दो घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा और पीछे से आ रहे कई बेड़े और जत्थे जाम में फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस के समझाने पर वे शांत हो गए। वहीं इस दौरान हाईवे पर अफरातफरी का माहौल रहा।
शनिवार को हाईवे पर कांवड़ियों की रिकार्ड भीड़ रही। ब्रजघाट से मुरादाबाद की दिशा में जा रहे प्रत्येक जत्थे और बेड़े में छोटे और बड़े-बड़े डीजे शामिल थे। ब्रजघाट से चलते ही कुछ डीजे वाले आपस में होड़ करने लगे थे। इसे लेकर रास्ते में कई स्थानों पर उनकी नोकझोंक भी हुई। सीओ ऑफिस के सामने भी मुरादाबाद की ओर जा रहे दो बेड़ों के कांवड़िये डीजे के विवाद में आपस में उलझ गए। वहीं फ्लाईओवर पर मुरादाबाद की दिशा में जा रहे तीन बेड़ों में शामिल कांवड़िये आपस में भिड़ गए। तीनों के पास ही बड़े-बड़े डीजे थे। फिल्मी गीतों एवं डायलॉग से शुरू हुई बहसबाजी माइक पर आ गई। तीनों ही एक-दूसरे को भला बुरा कह रहे थे। नौबत मारपीट की आ गई। कोई भी आगे बढ़ने को तैयार नहीं था। यहां तक की माइक पर ही गालीगलौज भी हो गई। लगभग दो घंटे तक वहां कांवड़ियों में बहसबाजी होती रही और इस बीच ब्रजघाट की ओर से आ रहे कई जत्थे और बेड़े जाम में फंस गए। कई लोगों ने बीच बचाव कर हंगामा कर रहे कांवड़ियों को समझाया। पुलिस भी आ गई। बाद में वे अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।