देहात थाना क्षेत्र में युवती की हत्या कर नलकूप के बाहर चारपाई पर डाले गए शव के मामले में पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस का युवती की हत्या का शक उसके घर की तरफ जा रहा है। पुलिस का दावा है कि हत्यारोपी तक पहुंच चुकी है। जल्दी ही हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस को आशंका ऑनर किलिंग की है। इस बिंदु पर पुलिस पूछताछ भी कर रही है।
थाना क्षेत्र के बंबूगढ़-पंडकी गांव निवासी युवती का शव बुधवार की तड़के गांव से एक किलोमीटर दूर नलकूप की कोठरी के बाहर चारपाई पर पड़ा मिला था। वह मंगलवार की शाम घर से बहन के घर जाने को कहकर निकली थी। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मृतका के भाई अनिल की तहरीर पर थाना पुलिस ने आत्महत्या का मामला दर्ज किया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हो गई।
गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी। पीएम रिपोर्ट में पुष्टि हो जाने पर थाना पुलिस ने आत्महत्या के मामले को हत्या में तरमीम कर दिया है। उधर युवती की हत्या का शक उसके घर की तरफ जा रहा है। पुलिस का दावा है कि वह हत्यारों तक पहुंच चुकी है। जल्दी ही हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा। इधर सूत्रों के हवाले से यह भी पता चला है कि पुलिस ने मृतका के भाई को बैठा रखा है।
पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। एसओ मोहित चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ऑनर किलिंग का लग रहा है। इसी बिंदु को ध्यान में रखकर पुलिस काम कर रही है। जल्दी ही खुलासे में सफलता हाथ लगेगी।