मंडी धनौरा। क्षेत्र के एक गांव में इंटरमीडिएट की छात्रा ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। मौत की जानकारी मिलने पर परिजन फूट-फूट कर रोने लगे। पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। पुलिस घटना की जानकारी से इनकार कर रही है। दुखद बात यह है कि छात्रा के पिता की दो माह पहले ही रामगंगा पोषक नहर में डूबने से मौत हो गई थी।
एक गांव निवासी किशोरी पास के ही एक गांव के स्कूल में इंटरमीडिएट की छात्रा थी। सोमवार की सुबह वह अपने कमरे में गई तो दोपहर बाद तक बाहर नहीं निकली। घर पर मौजूद उसकी मां ने दरवाजे पर दस्तक दी। भीतर से कोई आवाज नहीं मिलने पर मां ने परिजनों को बुला लिया। उन्होंने कमरे का दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश किया तो उनकी चीख निकल गई। छात्रा फंदे पर झूल रही थी। शव को नीचे उतारा गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। छात्रा की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सरोहा ने ऐसी किसी भी घटना की जानकारी से इनकार किया है। संवाद