अमरोहा। निरंजनी पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि संपूर्ण विश्व में संत परंपरा से ही भारत की पहचान है, इस परंपरा से ही आज के युवाओं को मार्गदर्शन मिल रहा है। रविवार की देर रात ऑफिसर्स कॉलोनी में पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया।
रविवार को बरेली जाते समय देर रात निरंजनी पीठाधीश्वर ऑफिसर्स कॉलोनी में एसडीएम मंडी धनौरा चंद्रकांता के आवास पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति का प्रचार प्रसार ही हमारी प्राथमिकता है। विश्व में भारतीय संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि विश्व में संत परंपरा से ही भारत की पहचान है, इस परंपरा से ही आज के युवाओं को मार्गदर्शन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 2025 में विशाल महाकुंभ का आयोजन हो रहा है। जिसमें करोड़ों भक्त संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे और महाकुंभ की विशेषता को पहचानेंगे। महाकुंभ का आयोजन दिव्य और भव्य रूप से होगा। प्रदेश व केंद्र सरकार महाकुंभ के आयोजन को लेकर पूरी तरह समर्पित है। उत्तर प्रदेश आज अपराध मुक्त होकर विकास की राह पर चल रहा है। बरेली में सोमवार से आयोजित होने वाली भागवत कथा में जाते समय वह देर रात कुछ समय के लिए ऑफिसर्स कॉलोनी में ठहरे थे। इस दौरान एसडीएम नौगांवा सादात ब्रजपाल सिंह, एसडीएम सदर सुधीर कुमार, एसडीएम हसनपुर सुनीता, डीसीओ मनोज कुमार, अजब सिंह कपासिया, अवंतिका, तहसीलदार धनौरा परमानंद सिंह, आत्मानंद, पवन मिश्रा, तिलक राम पवार आदि मौजूद रहे।