अमरोहा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत विकास भवन के सभागार में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें सीडीओ ने समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कहा, तैयार उत्पादों में गुणवत्ता व शुद्धता का ध्यान रखने से आय और अधिक बढ़ा सकते हैं। उन्होंने विदुर ब्रांड के तहत डेयरी उत्पाद, दैनिक उपयोग की वस्तुएं, खाद्य पदार्थ व हस्तनिर्मित उत्पादों पर कार्य करने के लिए भी प्रेरित किया।
विकास भवन में आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत महिला सशक्तीकरण के लिए कार्य किया जा रहा है। सीडीओ ने कहा कि ऐसा उत्पाद तैयार करें जिसकी जनपद के साथ-साथ आसपास के जनपद और अन्य राज्यों में भी डिमांड हो। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मेहनत करके आत्मनिर्भर बन सकती हैं, लेकिन इसके लिए उत्पाद की गुणवत्ता और शुद्धता पर भी ध्यान देना होगा। बैठक में परियोजना निदेशक अमरेंद्र प्रताप सिंह, सीवीओ डॉ. आभा दत्त समेत बड़ी संख्या में समूह की महिलाएं शामिल रहीं।