कैलसा (अमरोहा)। ग्राम पंचायत सोंडाला फरीदपुर के मझरा सूदनपुर में जल जीवन मिशन के तहत शुरू हुआ ओवरहेड टैंक निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। 2023 में शुरू हुए इस प्रोजेक्ट में अब तक केवल बाउंड्री वॉल और बोरिंग का काम हुआ है, जबकि ओवरहेड टैंक के लिए गड्ढा खोदकर छोड़ दिया। ऐसे में ग्रामीणाें की शुद्ध जल की आस ओवरहेड टैंक के गड्ढे में दबकर रह गई। वहीं साइन बोर्ड पर कार्य पूर्ण होने का दावा किया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार सूदनपुर और सोंडाला फरीदपुर में पाइपलाइन बिछाने के लिए रास्तों को खोद दिया गया और घर-घर कनेक्शन के नाम पर टंकियां भी लगा दी गईं, लेकिन आज तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। करीब 3500 की आबादी अब भी पेयजल के लिए तरस रही है। काम अधूरा होने से गांव के रास्ते भी बदहाल हो गए हैं। गड्ढों के कारण आवागमन में दिक्कत होने पर ग्रामीणों ने खुद ही रास्तों में मिट्टी भरकर चलने लायक बनाया। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द अधूरे कार्य को पूरा कर पेयजल आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है, जिससे उन्हें राहत मिल सके
रास्तों की मरम्मत ग्रामीणों के सहयोग से कराई गई है। संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ा है। - हरस्वरूप सिंह, ग्राम प्रधान
प्रशासन की लापरवाही के चलते पिछले तीन वर्षों से ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य ठप पड़ा है। बोरिंग करने के बाद काम अधूरा छोड़ दिया गया और किसी अधिकारी ने इसकी सुध नहीं ली।- श्यामपाल, सूदनपुर
टैंक बनने से पहले पाइपलाइन बिछाने के नाम पर गांव के रास्ते तोड़ दिए गए। बाद में ग्रामीणों ने प्रधान की मदद से खुद ही रास्तों को चलने लायक बनाया। बावजूद इसके आज तक न तो ओवरहेड टैंक बना और न ही गांव में पानी की आपूर्ति शुरू हो सकी है। -जगदीश पाल, सूदनपुर
विभागीय लापरवाही का खामियाजा पूरी ग्राम पंचायत भुगत रही है। यूनियन की पंचायतों में कई बार टंकी का मुद्दा उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और काम आगे नहीं बढ़ सका है। - मुन्ना सिंह, सोंडाला फरीदपुर
ओवरहेड टैंक का निर्माण अब सपना बनता जा रहा है। गर्मी बढ़ने के बीच लोग घरेलू नलों पर निर्भर हैं। ग्रामीणों को राहत देने के लिए जल्द टैंक निर्माण पूरा कर पेयजल आपूर्ति शुरू की जाए। - महाबीर सिंह, सोंडाला फरीदपुर