गजरौला। क्षेत्र पंचायत बोर्ड की बैठक में एक करोड़ रुपयों से ग्रामीण अंचलों में विकास कार्य कराने पर मोहर लगी। ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी ने ग्राम प्रधानों व बीडीसी सदस्यों से एसआईआर अभियान में सहयोग करने व अधिक से अधिक लोगों के फॉर्म भरवाने का आह्वान किया।
बिजली विभाग से कोई अधिकारी बैठक में नहीं पहुंचने पर नाराजगी प्रकट की। कारण बताओ नोटिस जारी किया। बुधवार को ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत बोर्ड की बैठक की गई।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख ने ग्राम प्रधानों व बीडीसी सदस्यों से मनरेगा के तहत विकास कार्य कराने के लिए सदन में प्रस्ताव रखने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि इस समय एसआईआर फाॅर्म भरवाने पर बेहद जोर है। जिसने यह फाॅर्म नहीं भरा, उसका वोट कट जाएगा। बाद में उसे जुड़वाने में दिक्कत पड़ेगी। बैठक में ग्राम प्रधानों और बीडीसी सदस्यों ने मनरेगा के तहत गांवों में विकास कार्य कराए जाने के प्रस्ताव रखे। जिन पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है। इनको पंचम वित्त एवं 15वें केंद्रीय वित्त योजना से कराया जाएगा। ब्लॉक प्रमुख व बीडीओ ने चालू वित्तीय वर्ष में पूरा कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में बिजली विभाग से कोई अधिकारी उपस्थित नहीं हुआ। इस कारण ब्लॉक प्रमुख ने कारण बताओ नोटिस जारी किया। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, एडीओ पंचायत सतेंद्र कुमार, संजीव कुमार, महेश सिंह, हैप्पी सिंह, सतेंद्र सिंह, पंकज चौधरी, आबिद अली, हाजी रईस, करन सैनी, आयुष चौधरी, शशि देवी आदि मौजूद रहे।