अमरोहा। दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट ओर विरोध करने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। विवाहिता ने इसकी शिकायत नारी उत्थान केंद्र में की थी। टीम के बुलावे पर मायके और ससुराल पक्ष नारी उत्थान केंद्र पहुंचे थे। केंद्र पर विवाहिता ने जैसे ही अपनी बात रखनी शुरू की तो पति को गुस्सा आ गया और उसने वहीं विवाहिता को तीन तलाक दे दिया। विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कुरैशी निवासी युवती की शादी चार साल पहले हसनपुर के मोहल्ला संभल अड्डा मुबारकपुर कलां निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप के मुताबिक शादी के बाद से ही ससुराल वाले उपहार से खुश नहीं थे। वह दहेज के लिए ताने देते थे। दहेज में मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये लाने का दबाव बनाते थे। विवाहिता ने इसका विरोध किया तो 25 जनवरी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। तभी से विवाहिता अपने मायके में पिता के घर रह रही है। पीड़िता ने इसकी शिकायत नारी उत्थान केंद्र पर की। लिहाजा, नारी उत्थान केंद्र टीम ने दोनों पक्षों तलब किया।
विवाहिता के आरोप के मुताबिक चार मार्च को टीम के बुलाने पर वह अपने परिजनों के साथ नारी उत्थान केंद्र गई थी जबकि पति अपने अन्य परिजनों के साथ पहले से मौजूद था। उनके साथ शादी कराने वाला बिचौलिया भी था। तभी पति शकील शिकायत करने को लेकर आग बबूला हो गया और उसने नारी उत्थान केंद्र परिसर में ही तीन तलाक देकर रिश्ता तोड़ लिया। इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि विवाहिता की शिकायत पर पति शकील, जेठ बाबू, देवर अकील, सास रईसन और बिचौलिया शरीफ के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।