हसनपुर (अमरोहा)। गांव चक की मढ़ैया निवासी होटलकर्मी मुकेश की हत्या गांव निवासी सुखबीर ने उधार के 15 हजार मांगने और अपमान का बदला लेने के लिए अपने भाई, साले और एक साथी के साथ मिलकर की थी।
हत्या से पहले आरोपियों ने गन्ने के खेत में ले जाकर पहले उसे शराब पिलाई और नशा होने पर सिर पर ईंट मारकर हत्या कर दी थी। बाद में मोबाइल के डाटा केबल गले में फंसाकर शव खींचकर गन्ने के खेत में फेंक दिया। साक्ष्य मिटाने के लिए बाइक से पेट्रोल निकालकर शव और बाइक जला दी थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुखबीर और उसके साले ओमकार को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्याकांड का खुलासा करते हुए एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि 13 सितंबर की सुबह को हसनपुर थाना क्षेत्र के दीपपुर गांव में ईख के खेत में एक अधजला अज्ञात शव बरामद हुआ था। उसकी शिनाख्त मुकेश (35) निवासी ग्राम चक मढ़ैया सतेड़ा के रूप में हुई थी। मुकेश के पिता ने गांव के ही सुखबीर व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी सुखबीर और उसके साले ओमकार को गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में मुख्य आरोपी सुखबीर ने बताया कि उसने कुछ माह पहले मुकेश से 15 हजार रुपये उधार लिए थे। पैसे वापस मांगने को लेकर मुकेश लगातार गाली-गलौज करता था और उसे कई बार बेइज्जत कर चुका था। इसी अपमान का बदला लेने के लिए आरोपियों ने हत्या की साजिश रची थी। 12 सितंबर की शाम सुखबीर ने अपने सगे भाई प्रदीप, गांव चक सतेड़ा निवासी धर्मेंद्र, अपने साले ओमकार निवासी सोहरका के साथ मिलकर मुकेश की हत्या की थी। बताया कि आरोपी मुकेश को उसके घर से बुलाकर गन्ने के खेत के पास लेकर गए थे। वहां उसे शराब पिलाई थी। अत्यधिक नशे में हो जाने पर उसके सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी थी।
साक्ष्य मिटाने की नीयत से आरोपियों ने मुकेश की बाइक से पेट्रोल निकालकर उसके शव और बाइक को आग के हवाले कर दिया था और अधजला लाश को खेत में छिपाकर फरार हो गए थे। एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी सुखबीर और उसके साले ओमकार को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने सुखबीर की निशानदेही पर मृतक की रक्तरंजित शर्ट भी बरामद कर ली है। जबकि आरोपी धर्मेंद्र व प्रदीप की तलाश की जा रही है।