हसनपुर (अमरोहा)। गांव गुरेठा में साढ़ू के घर निर्माण कार्य के दौरान गिरकर घायल हुए गांव चीला निवासी राजमिस्त्री कुंवरपाल (45) की उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
गांव चीला निवासी कुंवरपाल आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव गुरेठा निवासी साढू के घर निर्माण कार्य करने के लिए गए थे। शुक्रवार की रात वह गुरेठा में ही रुके हुए थे। देर रात लघुशंका के लिए उठे तो छत से पैर फिसलने पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन घर पर ही उनका उपचार करा रहे थे। बुधवार की सुबह घर पर ही इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे तीन बेटियों और दो बेटों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस को जानकारी नहीं दी गई है। संवाद