अमरोहा। ड्यूटी कर घर लौट रहे कंपनी कमांडर होमगार्ड की सड़क हादसे में मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। परिजनों ने बगैर कानूनी कार्रवाई कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। हादसा रजबपुर थानाक्षेत्र में अतरासी रोड पर हुआ।
क्षेत्र के कूवी गांव में वीरेंद्र सिंह का परिवार रहता है। वीरेंद्र सिंह होमगार्ड विभाग में कंपनी कमांडर के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनकी ड्यूटी कंपनी-वन अमरोहा नगर में कमांडर के रूप में थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार की शाम को वह ड्यूटी करके बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। अभी उनकी बाइक अमरोहा-अतरासी मार्ग पर पहुंची। तभी बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई और उन्हें अस्पताल में ले जया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंच गए। बाद में परिजन बगैर पुलिस कार्रवाई कराए शव को घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। होमगार्ड कमांडेंट मनीष दुबे ने बताया कि हादसे में कंपनी कमांडर वीरेंद्र सिंह की मौत हुई है लेकिन उनके परिजनों ने बगैर पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया है।