जानकारी के मुताबिक, नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति होमगार्ड है। उसकी ड्यूटी अमरोहा शहर में लगी हुई है। बुधवार दोपहर वह किसी काम से बाइक पर सवार होकर गुजरी बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उसकी नजर एक बाइक पर बैठे युवक और अपनी बेटी पर पड़ गई। बेटी को युवक के साथ देखकर वह गुस्से में आ गया और दोनों का पीछा करने लगा। कुछ दूरी पर उसने बाइक रुकवा ली। इसके बाद बेटी से युवक के बारे में पूछताछ की। बेटी ने युवक को अपना प्रेमी बताया तो होमगार्ड का गुस्सा और बढ़ गया।
आरोप है कि उसने युवक के सिर पर हेलमेट से वार कर दिया। इस पर युवक ने भी पलटकर हमला कर दिया। देखते-ही-देखते दोनों के बीच सड़क पर हाथापाई शुरू हो गई। सरेराह मारपीट होने से बाजार में अफरातफरी मच गई। राहगीर रुक गए और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को अपने साथ कोतवाली ले गई। देर शाम तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास चल रहा था। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले अगर तहरीर मिलती है तो प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।