अमरोहा। चार मार्च को होली का त्योहार मनाया जाएगा। पर्व को परिवार के साथ मनाने के लिए विभिन्न राज्यों और शहरों में काम करने वाले लोग बड़ी संख्या में घर लौट रहे हैं। इसके चलते ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है, जबकि बसों में भी भारी भीड़ देखी जा रही है। यात्रियों को मजबूरन जनरल कोच में ठसाठस भीड़ के बीच सफर करना पड़ रहा है।
दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू, सूरत और पंजाब समेत कई शहरों से लोग अपने गृह जनपदों की ओर रवाना हो रहे हैं। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। आरक्षित सीटें पहले ही फुल हो चुकी हैं, जिससे कंफर्म टिकट मिलना लगभग असंभव हो गया है।
अमरोहा समेत आसपास के जनपदों से पूर्वांचल और अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाली ट्रेनों में सीटों के लिए मारामारी मची है। होली से करीब चार दिन पहले ही अधिकांश ट्रेनों में सीटें भर चुकी हैं और कई ट्रेनों में वेटिंग सौ के पार है। आईआरसीटीसी साइट के अनुसार कुछ ट्रेनों में वेटिंग सूची 200 के पार जाने की संभावना है।
टिकट बुकिंग का कार्य करने वाले अनिल कुमार ने बताया कि अवध असम एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस, राज्यरानी, पद्मावत एक्सप्रेस और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस समेत कई लंबी दूरी की ट्रेनों में स्लीपर और थर्ड एसी कोच में सीटें उपलब्ध नहीं हैं। यात्रियों को या तो लंबी वेटिंग में टिकट लेना पड़ रहा है या फिर जनरल डिब्बों में यात्रा करनी पड़ रही है। रेलवे प्रशासन पर अतिरिक्त कोच या विशेष ट्रेन चलाने की मांग भी उठने लगी है।