सोमवती अमावस्या के स्नान के दौरान गजरौला में हाईवे पर जाम में फंसे वाहनों के बीच ट्रक, जबकि भारी व?
- फोटो : JPNAGAR
गजरौला(अमरोहा)। सोमवती अमावस्या के स्नान पर लखनऊ-दिल्ली हाईवे 16 घंटे जाम से कराह उठा। रूट डायवर्ट होने के बाद भी भारी और माल वाहक वाहनों को हाईवे पर आने से नहीं रोका गया। हाईवे पर जाम में फंसे वाहनों को सात किमी की दूरी तय करने में छह घंटे का समय लगा। रविवार देर रात लगभग एक बजे से जाम लगाना शुरू हुआ, जो सोमवार शाम पांच बजे खुला। भीषण गर्मी में जाम में फंसे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सोमवती अमावस्या पर सोमवार को नेशनल हाईवे पर भीषण जाम लगा। स्थानीय पुलिस का आरोप है कि जाम लगने का मुख्य कारण हापुड़ पुलिस की नाकामी रही। कारण हापुड़ जनपद पुलिस ने रूट डायवर्ट होने के बावजूद दिल्ली की तरफ से आ रहे भारी और माल वाहक वाहनों को हाईवे पर आने से नहीं रोका। इसी वजह से हाईवे पर श्रद्धालुओं के वाहन भी फंसते चले गए। हालात यह हुए कि हाईवे जाम की चपेट में आ गया। हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम में फंसे दिल्ली के एक अधिकारी ने बताया कि वह परिवार के साथ दिल्ली से आ रहे थे। जाम में ऐसा फंसे कि हापुड़ जनपद की सीमा में टोल प्लाजा से ब्रजघाट पुल पार करने में छह घंटे का समय लग गया, जबकि सात किमी की दूरी को तय करने में अक्सर चंद मिनट का वक्त लगता है।
गजरौला थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि गजरौला क्षेत्र में जाम की समस्या नहीं थी, लेकिन हापुड़ की दिशा से आ रहे भारी और माल वाहक वाहनों के कारण बाद में भीषण जाम लग गया। शाम को साढ़े पांच के बाद हाईवे पर वाहनों के पहियों ने गति पकड़ी।