गंगा दशहरा 14 जून को मनाया जाएगा। इसके लिए 13 जून की रात से ही ब्रजघाट गंगा पीठ और तिगरी गंगा धाम पर श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए आने लगेंगे।
इस दरम्यान नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक के दबाव से व्यवस्था न बिगड़े, इसको लेकर ब्रजघाट के निरीक्षण भवन में बृहस्पतिवार को अमरोहा, हापुड़, बिजनौर और मुरादाबाद पुलिस-प्रशासन की बैठक हुई। इसमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा का खाका खींचा गया। निर्णय लिया गया कि, 13 जून की रात 12 बजे से भारी वाहनों का रूट डायवर्जन कर दिया जाएगा।
अफसरों ने निर्णय लिया कि, मुरादाबाद की ओर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को संभल, अनूपशहर, बुलंदशहर के रास्ते गाजियाबाद की ओर निकाला जाएगा। वहीं दिल्ली से आने वाले भारी वाहनों को गाजियाबाद से बुलंदशहर, अनूपशहर, संभल के रास्ते मुरादाबाद भेजा जाएगा।
इसके अलावा मेरठ से लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को बुलंदशहर, नरौरा होते हुए निकाला जाएगा। गाजियाबाद से बिजनौर जाने वाले भारी वाहनों को मेरठ के रास्ते बिजनौर निकाला जाएगा। जोया की ओर से आने वाले वाहनों को हसनपुर, अतरासी होकर निकाला जाएगा। इसके अलावा बैठक में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाने को लेकर विचार विमर्श किया गया।
शनिवार तक पुलिस कर्मियों की ड्यूटी तय कर दी जाएगी। साथ ही समिति के पदाधिकारियों को गंगा घाट पर लाइट, पानी, पैढ़ी आदि बनवाने की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी दी गई। निरीक्षण भवन पर आयोजित बैठक में जनपद अमरोहा के मंडी धनौरा सीओ मोहनलाल, गढ़मुक्तेश्वर सीओ सतीश चंद्र पाण्डेय, गजरौला एसओ उपेंद्र यादव समेत बिजनौर, बहादुरगढ़, संभल आदि के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
इधर से किया जाएगा रूट डायवर्ट
गजरौला। नेशनल हाईवे पर गंगा दशहरा के दिन रोडवेज बस, प्राइवेट बसों, कार, टाटा मैजिक आदि छोटे वाहनों पर पाबंदी नहीं रहेगी। ट्रक, टाटा 407, मेटाडोर आदि भारी वाहनों का गाजियाबाद और मुरादाबाद से रूट डायवर्जन किया जाएगा। इसके अलावा प्राइवेट बसों को गढ़ चौपला पर ही रोक दिया जाएगा। मुरादाबाद की ओर से आने वाली प्राइवेट बसों को पुल से वापस कर दिया जाएगा।
पलबाड़ा रोड पर बनाए गए पार्किंग स्थल
गजरौला। सीओ मोहनलाल ने बताया कि छोटे वाहनों की पार्किंग के लिए गढ़ के पलबाड़ा रोड पर तीन पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। जिसमें एक लाख से अधिक वाहन खड़े हो सकते हैं। इसके अलावा रेलवे स्टेशन गढ़ के पास खाली पड़ी जगह पर भी वाहन खड़े कर दिए जाएंगे।
तिगरी गंगा के लिए भी मांगे चार गोताखोर
गजरौला। गंगा दशहरा पर तिगरी गंगा धाम पर भी एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के स्नान के लिए आने का अनुमान है। जिसको लेकर प्रशासन सतर्क है। डूबने की घटनाओं पर अंकुश पाने के लिए मंडी धनौरा के सीओ मोहनलाल ने चार गोताखोरों की मांग की है। सीओ ने बताया कि जाम से निजात के लिए तिगरी गंगा द्वार से पहले ही भारी वाहन रोक दिए जाएंगे। छोटे वाहनों को ट्रैफिक के हिसाब से अलग-अलग रास्तों से गंगा घाट की ओर निकाला जाएगा।