नौगांवा सादत रोड पर क्षतिग्रस्त बस।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। यात्रियों से भरी तेज रफ्तार निजी बस अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस में सवार चौदह यात्री घायल हो गए। टक्कर लगते ही यात्रियों में चीखपुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। देर रात तक मामले में कोई कानूूनी कार्रवाई नहीं हुई है।
यह हादसे गुरुवार की रात करीब एक बजे बिजनौर रोड स्थित कताई मिल के पास हुआ। नौगांवा सादात से दिल्ली के लिए प्राइवेट बसें चलती है। गुरुवार की सुबह यहां से एक बस सवारी लेकर दिल्ली गई थी। उधर से लौटते समय रात्रि करीब एक बस बिजनौर रोड स्थित कताई मिल के निकट पहुंची थी। बताते हैं कि बस तेज रफ्तार में थी। अचानक अनियंत्रित हुई बस ने नौगांवा की तरफ जा रहे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर लगते ही सवारियों में चीख पुकार मच गई। हादसे के बस में सवार करीब 14 यात्री घायल हो गए। आरोपी बस चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही नौगांवा सादात पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल सवारियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर शैलेंद्र चौहान ने बताया कि हादसे में घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। बस चालक मौके से फरार हो गया था। किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं थी। सभी स्थानीय लोग थे, जो प्राथमिक उपचार कराने के बाद अपने-अपने घर चल गए थे। मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।