अमरोहा। ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनातनी जारी है। जिलेभर में भी पुलिस हाई अलर्ट है। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के लिहाज से सतर्कता बढ़ाई गई है। साइबर सेल ने सोशल मीडिया की मॉनीटरिंग शुरू कर दी है। अफवाह और भ्रामक सूचना फैलाने वालों को तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस वेबसाइट और पुलिस सर्वर के साथ साइबर सुरक्षा को लेकर भी निगरानी की जा रही है। इस संबंध में प्रदेश के सचिव जगदीश ने दिशा निर्देश जारी किए हैं।
एसपी अमित कुमार आनंद और डीएम निधि गुप्ता वत्स जिले की हर छोटी-छोटी गतिविधि पर निगाह रख रहे हैं। शासन से लगातार वार्ता जारी है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के ब्लड बैंक को भी अलर्ट पर रखा गया है। लोगों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक रक्तदान करें, ताकि कोई अप्रिय घटना होने पर रक्त का उपचार के दौरान इस्तेमाल किया जा सके।
अधिकारी लगातार लोगों को जागरूक कर रहे हैं कि वह किसी भी प्रकार से तनावपूर्ण स्थिति न पैदा करें। बल्कि शासन और सरकार की ओर से आ रहे अधिकारिक दिशा-निर्देशों पर ही ध्यान दें। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी कुछ भी अराजकतापूर्ण संदेश न भेजें। ऐसा करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले पुलिस ने जिलेभर के स्कूल कॉलेजों में मॉक ड्रिल कराई थी। रिटायर्ड सैनिकों से भी लगातार वार्ता की जा रही है।