अमरोहा में बिजनाैर मार्ग पर बारिश के बाद जलभराव के बीच बंद बाइक को खींचकर ले जाता युवक। संवाद
- फोटो : अमरोहा
अमरोहा। रविवार की रात से सोमवार की शाम तक हुई झमाझम बारिश लोगों के लिए आफत बन गई। पिछले 36 घंटे में हुई 120 मिमी बारिश से शहर से लेकर देहात तक सड़कें तालाब नजर आईं। सरकारी कार्यालयों और स्कूलों के साथ शहर के कई घरों और दुकानों में पानी भर गया। बारिश की वजह से करीब 10 घंटे बिजली गुल रही। जलभराव में बाइक और कारें बंद होने पर खींचकर ले जाना पड़ा। हालांकि किसानों के चेहरों पर खुशी नजर आई।
सोमवार को बारिश से मुन्नीदेवी अस्पताल समेत कई सरकारी कार्यालयों व प्राइमरी स्कूलों में पानी भर गया। दोपहर दो बजे तक बाजार बटवाल व कोट की दुकान नहीं खुल सकीं। कई घरों और दुकानों में पानी भर गया। पानी से निकलते समय बाइक और कार बंद हो गईं। इसके अलावा रेलवे स्टेशन रोड, बिजनौर मार्ग, कल्याणपुर मार्ग के सामने पानी भर गया, जिसके कारण लोगों को आने जाने में काफी समस्या उठानी पड़ी। पैदल तो छोड़ो बाइक सवारों को भी दिक्कत हुई।
वहीं शहर के कोट, चौब, नल, आवास विकास, दानिशमंदान, आंबेडकर पार्क, लकड़ा चौराहा सहित दर्जनों मोहल्लों की सड़कें पानी से लबालब भर गईं, जिसके कारण लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हुई। घंटों लोग अपने ही घरों में कैद रहे। जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि चौबीस घंटे में 120 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। वहीं बारिश धान के साथ अन्य फसलों के लिए बहुत लाभदायक साबित होगी।