देहात थाना पुलिस ने होली से सप्ताह भर पहले शराब तस्करों की क्षेत्र में शराब सप्लाई करने की कोशिश विफल कर दी। दो तस्करों को गिरफ्तार कर हरियाणा राज्य की शराब से लदी डीसीएम पकड़ी है। डीसीएम में शराब की पेटियां कागज की कतरनों के नीचे छिपा कर लाई जा रही थी। पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि शराब को कांठ व थाना क्षेत्र के गांवों में सप्लाई करने के लिए लाए थे।
शनिवार की रात दस बजे थानाध्यक्ष मोहित चौधरी को मुुखबिर से सूचना मिली कि शराब तस्कर डीसीएम में हरियाणा की शराब लेकर आ रहे हैं। शराब की पेटियां कागज की कतरनों के नीचे छिपाई गई हैं। सूचना पर एसओ ने उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार, देवेंद्र कुमार, पवन कुमार, कांस्टेबल जयकरन, रोहित कुमार, हरिओम सिंह को साथ लेकर आरोपियों की धरपकड़ के लिए कांकर सराय चौराहा पर जाल बिछा दिया।
काफी देर इंतजार के बाद डीसीएम आई। पुलिस ने डीसीएम रोक ली। इसमें कागज की कतरन भरी हुई थीं। तलाशी ली तो इसमें छिपीं शराब की पेटियां देख पुलिस दंग रह गई। डीसीएम चालक व इसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। थाने लाया गया।
शराब पेटियों की गिनती की तो यह 150 निकलीं। जिसमें 90 पेटियां पव्वे की तथा 60 पेटी बोतलों की थीं। पकड़े गए आरोपी बिजनौर के किरतपुर थाना क्षेत्र के अकबराबाद गांव निवासी इरफान उर्फ हिफजान तथा मेरठ जनपद के ऐंचोली थाना क्षेत्र के नगला शेखू गांव निवासी बांके हैं।
पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह हरियाणा की शराब को होली पर कांठ व थाना क्षेत्र के गांवों में सप्लाई करने के लिए लाए थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामले दर्ज कर कोर्ट में पेश किया।