ससुराल वालों ने शादी के चार महीने बाद ही विवाहिता को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पति ने तीन तलाक की धमकी दी। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति और सास-ससुर समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला घेर पछईय्यां में उस्मान का परिवार रहता है। उन्होंने अपनी बेटी साविया की शादी 20 फरवरी 2022 को शहर के ही मोहल्ला मुल्लाना निवासी असर अली के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल वाले साविया को कम दहेज लाने के ताने देकर प्रताड़ित करने लगे। तीन तलाक दिलाने की धमकी देने लगे। दहेज का विरोध करने पर 21 जून की सुबह ससुराल वालों ने साविया के साथ मारपीट की। पीड़िता के फोन पर मायके के लोग भी पहुंच गए। ससुराल के लोगों ने उन्हें भी धमकाया। इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर पति असर अली, ससुर अथर अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।