अमरोहा। इस सत्र दाखिले से वंचित छात्र-छात्राओं के लिए गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय मुरादाबाद ने राहत दी है। विश्वविद्यालय ने संबद्ध महाविद्यालयों और कैंपस में प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण की तिथियां बढ़ा दी हैं। जेएस हिंदू पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बिजनौर और अमरोहा के राजकीय, संघटक, अनुदानित व स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में स्नातक के तृतीय चरण, परास्नातक के द्वितीय चरण और विश्वविद्यालय परिसर के परास्नातक स्तर के द्वितीय चरण के प्रथम वर्ष के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन किया जा सकेगा।
22 अगस्त से ऑनलाइन पंजीकरण और महाविद्यालय चयन शुरू हो गया है। छात्र 27 अगस्त शाम चार बजे तक समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कर सकेंगे। रजिस्ट्रेशन फॉर्म के साथ आवेदन फॉर्म संबंधित महाविद्यालय में जमा करने की अंतिम समयसीमा 27 अगस्त शाम पांच बजे है। आवेदन शुल्क 150 रुपये निर्धारित है।
विश्वविद्यालय के अनुसार आवेदन में त्रुटि होने पर छात्र समर्थ लॉगिन से 27 अगस्त तक सुधार कर सकेंगे। इसके बाद संशोधन की अनुमति नहीं होगी।