अमरोहा। मकान में चल रही अवैध शस्त्र फैक्टरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मौके पर 20 हजार के इनामी गैंगेस्टर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक आरोपी भाग निकला। मौके पर अवैध रायफल, तमंचा, कारतूस और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
मंगलवार को एएसपी अजय प्रताप सिंह ने पुलिस ऑफिस में अवैध शस्त्र फैक्टरी का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि अपराध नियंत्रण के लिए अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत दो अगस्त को नौगांवा सादात इंस्पेक्टर अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली थी। उन्होंने बीलना से नहर किनारे सिकरिया गांव को जाने वाले कच्चे रास्ते पर बने मकान में अवैध शस्त्र की फैक्टरी पकड़ ली। मौके पर अहमद हसन निवासी गख्करपुर थाना डिलारी जनपद मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया। जबकि नौगांवा सादात के जब्बारपुर निवासी मेंहदी उर्फ कालिया फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर भारी मात्रा में बने-अधबने अवैध शस्त्र और शस्त्र बनाने के उपकरणों बरामद किए। एसपी के मुताबिक अहमद हसन नौगावां सादात थाने में दर्ज गैंगस्टर के मुकदमे में 20000 रुपये का इनामी था। इसके खिलाफ मुरादाबाद और अमरोहा के थानों में डकैती, लूट और चोरी के 16 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य जनपदों से उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
यह सामान हुआ बरामद
अमरोहा। नौगांवा सादात पुलिस को फैक्टरी में 13 तमंचे, 4 जिंदा कारतूस, 1 देशी रायफल, 4 तमंचे अधबने 12 बोर, 2 तमंचे अधबने 315 बोर, 9 बैरल 12 बोर, 2 बैरल 315 बोर और शस्त्र बनाने के उपकरण में 1 संडासी, 1 बोक, 1 ड्रिल मशीन, 1 धोकनी, 1 पैट्रोमैक्स, 2 रेती, 1 हथौड़ा आदि सामान बरामद हुआ।