फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमरोहा : सेक्स रैकेट फर्जी खुलासे में घिरी पुलिस टीम, पूर्व सीओ समेत दस पुलिस वालों पर रिपोर्ट

Wed, 02 Sep 2020 08:18 PM IST
Mohit Mudgal अमर उजाला नेटवर्क, अमरोहा
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

पांच साल पहले हाईवे के एक होटल से 13 लोगों को गिरफ्तार कर सेक्स रैकेट के खुलासे से खुद की पीठ थपथपाने वाली पुलिस टीम झूठे खुलासे के आरोप में घिर गई है। हाईकोर्ट के दखल से शुरू हुई जांच के बाद सीबीसीआईडी ने पूर्व सीओ समेत 10 पुलिस कर्मियों को झूठे खुलासे का आरोपी बनाया है। सभी के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ रिटायर हो चुके हैं। 

विज्ञापन


पुलिस ने हाईवे स्थित होटल में छापे की कार्रवाई चार मई 2015 को की थी। मंडी धनौरा के तत्कालीन सीओ मोहन लाल के नेतृत्व में गई पुलिस टीम ने होटल से 13 युवक-युवतियों को गिरफ्तार किया था। अलग-अलग कमरों से गिरफ्तारी दिखाते हुए बड़े सेक्स रैकेट के खुलासे का दावा किया था। सभी के खिलाफ देह व्यापार के आरोप में कार्रवाई की थी। गिरफ्तार हुए लोगों में होटल मालिक के मामा भी शामिल थे, जो एयरफोर्स के सेवानिवृत्त एक फ्लाइंग आफिसर हैं।

होटल मालिक ने पुलिस की इस कार्रवाई को फर्जी बताते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। निष्पक्ष जांच की मांग की थी। हाईकोर्ट के आदेश पर दिसंबर 2015 में मामले की जांच सीबीसीआईडी को सौंप दी गई थी। जांच के बाद अब बरेली क्राइम ब्रांच शाखा के इंस्पेक्टर होशियार सिंह की तहरीर पर गजरौला पुलिस ने तत्कालीन सीओ मोहन लाल समेत दस पुलिसकर्मियों के खिलाफ बगैर साक्ष्य होटल प्रबंधन और वहां मौजूद ग्राहकों को गिरफ्तार कर उन्हें देह व्यापार के झूठे मामले में फंसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। 
विज्ञापन


गजरौला के सीओ सत्येंद्र सिंह ने बताया कि सीबीसीआईडी ने पूर्व सीओ समेत दस पुलिस वालों को प्रथमदृष्ट्या झूठे खुलासे का दोषी माना है। मुकदमा दर्ज कराने के बाद पूर्व सीओ व अन्य पुलिस वालों पर लगे आरोपों की गहन विवेचना की जाएगी। यह जांच भी सीबीसीआईडी की टीम करेगी। 

 इन पुलिस कर्मियों के खिलाफ दर्ज हुआ है मुकदमा
मंडी धनौरा के तत्कालीन सीओ मोहन लाल (अब सेवानिवृत्त), थाना गजरौला के तैनात तत्कालीन एसआई विजय कुमार यादव, एसआई नीरज कुमार, एसआई आरसी वर्मा, सिपाही सुरेश कुमार, हिम्मत सिंह, कृष्णपाल सिंह, मोनू तोमर, ऋतु ढाका, संध्या त्यागी को नामजद किया गया है। मोहन लाल सीओ के पद से रिटायर हो चुके हैं। अन्य पुलिस वालों की पोस्टिंग कहां-कहां है, इसका पुलिस पता कर रही है।

 गाजियाबाद से चुनाव भी लड़ चुके हैं मोहन लाल
मंडी धनौरा में सीओ के पद पर रहने के दौरान मोहन लाल कई मामलों में चर्चा में रहे थे। गजरौला से तबादला होने के बाद वह काफी समय पीटीसी मुरादाबाद में भी रहे थे। सेवानिवृत्त होने के बाद वह गाजियाबाद चले गए थे। पुलिस सूत्र बताते हैं कि वहां उन्होंने विधायक का चुनाव भी लड़ा था। हालांकि जीत नहीं मिली थी।

इन धाराओं में दर्ज हुआ है मुकदमा: आईपीसी की धारा 166, 166 ए, 203, 211, 342, 34 में पूर्व सीओ मोहन लाल समेत दस पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें