गजरौला। रेलवे स्टेशन पर मोबाइल लूट की सूचना मिलने पर जीआरपी में खलबली मच गई। मौके पर पहुंचने पर युवकों के दो गुटों में मारपीट का मामला सामने आया। जांच में पता चला कि मारपीट के दौरान दो मोबाइल गिर गए थे।
तिगरी के युवक मध्य प्रदेश में मजदूरी करते हैं। रविवार रात करीब एक दर्जन युवक ट्रेन से रवाना होने के लिए स्टेशन पहुंचे थे। वहां मोहल्ला शांतिनगर के कुछ युवकों से कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस दौरान तिगरी के युवकों ने जीआरपी को मोबाइल लूट की सूचना दी।
पुलिस दोनों गुटों को चौकी ले आई और पूछताछ की। सोमवार सुबह एक मोबाइल की लोकेशन नगर से करीब दो किलोमीटर दूर मुरादाबाद दिशा में रेलवे लाइन किनारे मिली। जीआरपी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
जीआरपी चौकी इंचार्ज मंजीत कुमार ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।