सैदनगली। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सैदनगली स्थित पार्टी के कैंप कार्यालय पर जिलाध्यक्ष ओमकार कटारिया ने प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि जन-समस्याओं के समाधान के लिए शासन और प्रशासन गंभीर नहीं है। किसानों की समस्या को लेकर 15 अक्तूबर को कलक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा। उन्होंने बाढ़ प्रभावित किसानों को योगी सरकार से तत्काल मुआवजा दिए जाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि धनौरा और अमरोहा विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश किसानों की फसलें बाढ़ से नष्ट हो गईं लेकिन उन्हें अभी तक मुआवजा नहीं मिल पाया है। आवारा पशुओं की समस्या से किसान परेशान हैं। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। लगातार पेपर लीक हो रहे हैं।
वोट-चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत 15 अक्टूबर को पैदल मार्च किया जाएगा और लोगों को जागरूक किया जाएगा। 2017 में मोदी सरकार ने देश के ऊपर जीएसटी के रूप में गब्बर टैक्स लगाया और आज इस गब्बर टैक्स में थोड़ी सी राहत उत्सव मना रही है। टीईटी की परीक्षा अनिवार्य करके मोदी सरकार बहुत सारे अध्यापकों को नौकरी से बेदखल करना चाहती है। गुर्जर समाज के लोगों का लगातार दमन हो रहा है। मेरठ में निर्दोष गुर्जर समाज के लोगों को जेल में डाल के रखा है। गन्ने का रेट 550 रुपए प्रति क्विंटल होना चाहिए। धान का रेट बढ़ना चाहिए। इस दौरान अफसर अली सैफी, राजपाल सैनी, हरिओम पुष्कर मौजूद रहे।