कोरोना: 19 वर्षीय छात्रा मिली कोरोना संक्रमित
- जिले में चार केस हुए सक्रिय, तीन कंटेनमेंट जोन बनाए गए
- पाबंदी हटने के बाद बढ़ी लापरवाही, मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली
संवाद न्यूज एजेंसी
अमरोहा। पाबंदी हटने के बाद लोगों ने लापरवाही बरतने लगे हैं। बृहस्पतिवार को 19 वर्षीय छात्रा कोरोना संक्रमित मिली है। अब जिले में कोरोना के चार केस एक्टिव हो गए। जबकि तीन कंटेनमेंट जोन बन चुके हैं। एक बार फिर कोरोना के मरीज सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच हुई है।
सीएमओ डॉक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर में 31 मार्च को आखिर बार एक मरीज मिला था। इसके बाद आठ अप्रैल को एक 60 वर्षीय महिला आरटीपीसीआर जांच में पॉजिटिव पाई गई थीं। जबकि 12 अप्रैल को दो लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही बृहस्पतिवार को भी एक 19 वर्षीय छात्रा संक्रमित पाई गई है। जनपद में अब तक कुल 19577 मरीज ले चुके हैं। फिलहाल चार केस एक्टिव चल रहे हैं। बृहस्पतिवार को जनपद के अमरोहा, धनौरा, गजरौला, हसनपुर, जोया और रहरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 225 आरटीपीसीआर और 67 लोगों की एंटीजन जांच कराई गई।
संक्रमित मिली छात्रा वासुदेव बैंक कॉलोनी की रहने वाली है। सभी एक्टिव मरीजों को होम आइसोलेट कर उपचार कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देश भर में एक बार फिर कोरोना संक्रमित मरीज मिलने लगे हैं। इसलिए सभी लोगों को एहतियात बरतने की जरूरत है। घर से निकलने पर मास्क का प्रयोग जरूर करें। जिन्होंने कोरोना से बचाव का टीका नहीं लगाया है, वह वैक्सीनेशन जरूर करा लें।