पहाड़ों पर हो रही बारिश से खादर क्षेत्र से सट कर बह रही गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। शुक्रवार तड़के गंगा का पानी सीपीया फार्म व रसूलपुर भांवर के बीच खेतों में पहुंच गया। ग्रामीणों ने जल्द ही तटबंध का निर्माण पूरा कराने की मांग जोर पकड़ने लगी है। उनको अपनी मेहनत की कमाई पानी में जाती दिखाई दे रही है।
तहसील के पपसरी खादर, रसूलपुर भांवर, मोहसनपुर, सीपीया फार्म, झुंडपुरा, मुकारमपुर, पहाड़पुर इनायत, इब्राहीमपुर, रमपुरा खादर, चांदरा फार्म, शेरपुर, जैथल, शीशोवाली, ढाकोवाली, दांडी आदि गांव बाढ़ से प्रभावित रहते हैं। बिजनौर बैराज से पास किए जाने वाले पानी की वजह से गंगा नदी का जलस्तर बढ़ जाता है। इसका खामियाजा इन गांवों के लोगों को भी भुगतना पड़ता है।
बृहस्पतिवार रात गंगा का जलस्तर बढ़ने से सीपीया फार्म व रसूलपुर के बीच खेतों में पानी घुस गया। ग्रामीणों को अपने पशुओं के लिए चारा लाने की समस्या पैदा हो गई है। सीपीया फार्म निवासी एक ग्रामीण ने बताया कि गंगा नदी का पानी खेतों में घुस गया है। दोनों गांव के बीच संपर्क मार्ग पर भी पानी भरा हुआ है। ग्रामीणों ने दरबड़ ठेठ से पपसरी खादर के बीच तटबंध के अधूरे पड़े निर्माण को पूरा कराने की मांग की है।