मंडी धनौरा। पहाड़ों पर भारी बारिश और बिजनौर बैराज से छोड़े गए पानी के कारण खादर क्षेत्र के गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। बाहे नदी के पानी ने गांव मुकारमपुर में तेजी से कटान शुरू कर दिया।
सूचना पर एसडीएम शैलेश कुमार दुबे और तहसीलदार मूसाराम गांव पहुंचे और बाढ़ खंड अधिकारियों से वार्ता कर मरम्मत कार्य शुरू कराया। करीब एक दर्जन गांवों में गंगा उफान पर होने से बाढ़ जैसे हालात हैं।
बृहस्पतिवार सुबह बाहे नदी का पानी मुकारमपुर की ओर तेजी से बढ़ा। ग्राम प्रधानपति राजपाल सिंह ने एसडीएम को सूचना दी। एसडीएम और तहसीलदार राजस्वकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और बाढ़ खंड अधिकारियों को बुलाया। एसडीएम ने बताया कि कटान रोकने के लिए मरम्मत शुरू करा दी गई है।
देवीपुरा, पपसरी खादर, सीपीया, इब्राहीमपुर, झुंडपुरा, रमपुरा खादर, पहाड़पुर और शाहजहांपुर समेत गांवों के जंगलों में पानी पसरा है। देवीपुरा-सीपीया पुलिया की मरम्मत तेज बहाव के कारण नहीं हो सकी। प्रशासन ने आवागमन के लिए 13 नाव उपलब्ध कराई हैं। ग्रामीणों के सामने पशुओं के लिए चारा लाने की बड़ी समस्या है। संवाद