गजरौला (अमरोहा)। वसंत पंचमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। स्कूलों में हवन-यज्ञ कर ज्ञान की देवी मां सरस्वती की आराधना की। वहीं श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर पुण्य का लाभ अर्जित किया।
बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी वसंत पंचमी मनाई। ब्रजघाट और तिगरी में हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर मां सरस्वती की पूजा की। घाटों पर सवेरे से ही स्नान का सिलसिला आरंभ हो गया था। मुहूर्त के समय अपराह्न तक चला। मौसम साफ रहने और धूप निकलने के कारण घाटों पर काफी भीड़ नजर आई। वहीं स्कूलों में भी वसंत पंचमी मनाई। बस्ती स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में हवन-यज्ञ के उपरांत बच्चों ने घोष भी निकाला। इसमें मां सरस्वती, छत्रपति शिवाजी महाराज, भारतमाता एवं आजादी के वीर सपूतों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। विधायक राजीव तरारा और आरएसएस के विभाग प्रचारक राजेश कुमार, जिला समन्वयक ओमकार सैनी, प्रधानाचार्य नरेश कुमार आदि रहे। गायत्री परिवार की ओर से नोबल पब्लिक स्कूल और कारमेल पब्लिक स्कूल में हवन कराए। संयोजक डीएस शर्मा, ऊषा शर्मा और राधा शर्मा के साथ ही स्कूल का स्टाफ मौजूद रहा। नार्दन इंडिया पब्लिक स्कूल में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य शशांक शर्मा ने बच्चों को वसंत पंचमी का महत्व समझाया। रॉयल स्कालर्स एकेडमी में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रधानाचार्य समीर प्रभाकर, लीना प्रभाकर आदि रहे। नागपाल इंटरनेशनल स्कूल में प्रधानाचार्या रश्मि पॉल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।