कमेटी डालने के नाम पर कारोबारी से छह लाख रुपये हड़प लिए। आरोपी ने गारंटी के तौर पर दिए दो चेक भी बाउंस करा लिए। पीड़ित कारोबारी ने अपने रुपये मांगे तो उनके साथ मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नौगांवा सादात क्षेत्र के जमना खास गांव निवासी खुर्शीद आलम की मुलाकात साल 2018 में अमरोहा के मोहल्ला इकरार नगर निवासी यशवंत सिंह से हुई थी। आरोप है कि यशवंत सिंह ने कमेटी डालने के लिए दबाव बनाया था। साथ ही छह लाख रुपये जमा करने पर पांच साल में 10 लाख रुपये वापस करने की बात कही थी। खुर्शीद आलम ने अच्छी पहचान होने के कारण यशवंत सिंह पर भरोसा किया और अपने भाई आसिफ के खाते से 5.99 लाख यशवंत के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
आरोपी ने कहा था कि पहली किस्त में नंबर आया तो दस लाख रुपये की धनराशि पहले ही किस्त में दे दी जाएगी। यसवंत ने गारंटी के तौर पर दो चेक ले लिए। समयावधि पूरी होने पर खुर्शीद ने यशवंत से दस लाख रुपये मांगे तो वह टालमटोल करने लगा। सात मार्च 2024 को गारंटी के तौर पर दिए चेक भी बाउंस कर लिए। खुर्शीद का आरोप है कि यशवंत ने धोखाधड़ी कर फर्जी तरीके से गारंटी के तौर पर लिए गए चेक का दुरुपयोग किया और कमेटी के नाम पर लिए 5.99 लाख रुपये भी हड़प लिए। खुर्शीद ने रुपये मांगे तो यसवंत ने दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में जसवंत सिंह और उसके दो आजा साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।