डिडौली। बैंक में ऋण दिलाने के नाम पर शातिर पिता-पुत्र ने युवक से डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। रुपये वापस मांगने पर धमकी दी। पंचायत हुई तो आरोपियों ने बाउंस चेक थमा दिया। पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर डिडौली पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की है।
गजरौला थानाक्षेत्र के खजूरी गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह प्राइवेट नौकरी घर परिवार का पालन पोषण करते हैं। आरोप के मुताबिक वह वर्ष 2018 में मिनी राइस मील लगाना चाहते थे। लिहाजा उन्होंने पीएमईजीपी स्कीम के अंतर्गत पंजाब नेशनल बैंक से ऋण लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। इस बीच उनकी मुलाकात डिडौली क्षेत्र के गांव पलोला निवासी पिता-पुत्र से हुई। आरोप है कि पिता पुत्र ने इंडियन बैंक शाखा पलोला से ऋण स्वीकृत कराने का झांसा दिया और कमीशन के तौर पर डेढ़ लाख रुपये हड़प लिए। काफी समय तक प्रतीक्षा करने के बाद भी ऋण स्वीकृत नहीं हुआ। धर्मेंद्र सिंह ने पिता-पुत्र से अपने रुपये वापस मांगे। इस संबंध में कई बार पंचायतें भी हुई थी। आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगे। लगातार दबाव बनाने के बाद आरोपी ने कुछ पैसे वापस कर दिए, 95 हजार रुपये का इंडियन बैंक शाखा का एक कूटरचित चेक दे दिया, जो बाउंस हो गया। पीड़ित ने इसकी शिकायत थाना पुलिस से की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। लिहाजा धर्मेंद्र सिंह ने न्यायालय की शरण ली। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर डिडौली पुलिस ने मजाहिर हुसैन और उसके बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। थानाध्यक्ष रमेश सेहरावत ने बताया कि मामले की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।