अमरोहा। फर्जीवाड़ा कर बीमा कंपनी से दस लाख रुपये हड़पने के मामले में पुलिस ने दंपती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दंपती ने बिजनौर से युवक से सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर भी एक लाख रुपये हड़प लिए थे। उसकी शिकायत पर ही पुलिस ने ढाई महीने पहले दोनों के खिलाफ दर्ज की थी।
एसओ सुरेश कुमार गौतम ने बताया कि बिजनौर के नूरपुर निवासी अंकुश कुमार ने नगर के मोहल्ला मोती नगर निवासी बृजेश कुमार और उसकी पत्नी सर्वेश देवी के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई थी। उसका आरोप था कि बृजेश कुमार ने अपनी पहचान उच्चाधिकारियों और नेताओं से बताकर सरकारी नौकरी दिलवाने के नाम पर एक लाख रुपये हड़प लिए थे। बावजूद इसके नियुक्ति पत्र नहीं मिला था। अंकुश कुमार ने यह भी आरोप लगाया था कि बृजेश कुमार बेहद शातिर किस्म का धोखेबाज है। वह मृत लोगों को जिंदा दर्शा कर उनका जीवन बीमा कराकर फर्जी तरीके से बीमा प्राप्त कर लेता है।
एसओ के मुताबिक बृजेश कुमार का वास्तविक पिता झंडू सिंह है। जिसकी मौत 35 साल पहले पुबैना बिजनौर में हो चुकी थी। जबकि बृजेश ने फर्जी तरीके से अपने समस्त दस्तावेजों में पिता का नाम झंडू सिंह हटवा कर रविंदर कुमार करा लिया और उसकी मृत्यु दो सितंबर 2013 आवास-विकास कॉलोनी में दर्शा ली। फर्जी पिता के नाम से बीमा कंपनी में 10 लाख रुपये का बीमा करा कर षड्यंत्र के तहत अपनी पत्नी सर्वेश देवी को पुत्रवधू के रूप में नॉमिनी बना लिया था। जिसके बाद इंश्योरेंस कंपनी ने उसकी पत्नी सर्वेश देवी के खाते में 10 लाख की धनराशि भेज दी थी। फिलहाल दंपति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।