मंडी धनौरा/चुचैला कलां(अमरोहा)। रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से दो लाख रुपये ठग लिए। कई महीने बीतने बाद नौकरी नहीं लगने पर उसे धोखाधड़ी का एहसास हुआ। आरोप है कि उसने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने उसे धमकी दी। युवक ने धोखाधड़ी होने पर एससी से मामले में कार्रवाई करने के लिए गुहार लगाई। मामले में एससी ने संज्ञान लिया। उन्होंने पुलिस को मामले में निर्देश दिए। इस पर थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी युवक फरार बताया जाता है।
डिडौली कोतवाली के गांव कटाई निवासी दानिश द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि गांव चुचैला कलां निवासी पप्पू अली उर्फ फराज उसके संपर्क में आया था। उसने रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देते हुए कहा कि रेलवे का एक अफसर उसका करीबी है। वह उसकी नौकरी लगवा देगा। 10 लाख रुपये में नौकरी दिलाने की बात तय हो गई। दानिश का कहना है कि सात जनवरी से 10 फरवरी 2020 तक दो लाख रुपये पप्पू को दिए गए। तीन माह बीत जाने के बाद भी न तो उसकी नौकरी लगी और न ही उसके रुपये वापस किए जा रहे हैं। दानिश का कहना है कि रुपये वापस मांगने पर उसे धमकी दी जा रही है। युवक ने अपनी व्यथा पुलिस अधीक्षक को सुनाई। एसपी के निर्देश पर थाना पुलिस ने पप्पू अली के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।