गजरौला। तिगरी-ओसीताजगदेपुर मार्ग पर पुलिया के पास तेज रफ्तार बाइक ने अपनी दादी के साथ आ रहे चार वर्षीय बालक को टक्कर मार दी। बाइक उसके दोनों पैरों पर से गुजर गई। लहूलुहान हालत में महिला उसे लेकर थाने जा पहुंची। बाद में निजी चिकित्सक के यहां ले गईं। कुछ देर बाद बालक की मौत हो गई। पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार की शाम यह हादसा थाना क्षेत्र में गांव तिगरी-ओसीताजगदेपुर मार्ग पर हुआ। गांव कांकाठेर निवासी खुर्शीदा जंगल से लकड़ी लेकर लौट रही थीं। साथ में उनका चार वर्षीय पोता अरमान पुत्र बाबू भी था। बताते हैं कि इसी दौरान गांव ओसीताजगदेपुर निवासी लोकेश की बाइक बालक के ऊपर चढ़ गई। इससे वह बुरी तरह घायल हो गया। खुर्शीदा ने शोर मचाया तो वह बाइक लेकर फरार हो गया। वहीं परिजन घायल बालक को लेकर थाने पहुंचे। बालक की हालत देख पुलिस ने सुझाव दिया कि पहले उसका उपचार कराओ। इस पर परिजन उसे निजी चिकित्सक के यहां ले गए। कुछ देर बाद बालक की मौत हो गई। इस पर परिजनों में कोहराम मच गया। देर रात इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर बाइक चला रहे लोकेश निवासी गांव ओसीताजगदेपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।