गलिबबाड़ा के रहने वाले दीपक की हत्या घर के ही सदस्य ने 2.17 लाख रुपये में सुपारी देकर कराई थी। यह घर का सदस्य अपने दोस्त के जरिए दो सुपारी किलर से मिला था। पुलिस ने मृतक के घर के सदस्य समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से मृतक दीपक की बाइक, कपड़े, तमंचा-खोखा और सुपारी के 1.70 लाख रुपये पुलिस ने बरामद किए हैं। देर रात तक पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही थी।
सोमवार की सुबह रजबपुर थानाक्षेत्र के गांव शहबाजपुर कलां के पास गन्ने के खेत में युवक का शव पड़ा मिला था, जिसकी सिर में गोली मारकर हत्या की गई थी। मृतक सिर्फ अंडरवियर पहने था। मंगलवार को उसकी शिनाख्त नौगांवा सादात क्षेत्र के गांव गालिबबाड़ा निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई थी। पिता सतेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। हत्या के खुलासे के लिए एसपी अमित कुमार आनंद के निर्देश पर थाना पुलिस के अलावा सर्विलांस और एसओजी टीम काम कर रही थी। मृतक के मोबाइल की सीडीआर से पुलिस को कई अहम सबूत मिले।
पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने मृतक दीपक के घर के एक सदस्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद हत्याकांड से पर्दा उठ गया। पुलिस के मुताबिक घर के सदस्य ने अपने पड़ोसी गांव के रहने वाले दोस्त जरीफ के जरिए सुपारी किलर जहीर और रईस से मुलाकात की थी। हत्या को अंजाम देना 2.70 रुपये में तय हुआ था। जहीर और रईस को सुपारी की पूरी रकम दे दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने मृतक के घर के सदस्य के साथ उमर, जहीर और रईस को हिरासत में ले लिया है।
आरोपियों की निशानदेही पर मृतक दीपक की बाइक, कपड़े, हत्या में प्रयुक्त तमंचा- खोखा और सुपारी के 1.70 रुपये पुलिस ने बरामद हो गए हैं। पुलिस सूत्रों की माने तो दीपक कुमार का पिछले कई साल से एक शादीशुदा महिला से संबंध था। जिसके चलते मुकदमे बाजी भी हुई थी। दीपक के गलत कारनामों से परिवार के लोग परेशान थे, समाज में बदनामी हो रही थी। जिसके चलते घर के सदस्य ने ही उसकी हत्या की योजना बनाई और सुपारी देकर हत्या कर दी। पुलिस शनिवार को दीपक हत्याकांड के चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज सकती है।