चुनाव आचार संहिता लागू होने के दूसरे दिन रविवार को भी शासन प्रशासन के अधिकारियों ने आचार संहिता का पालन कराने के लिए जगह-जगह लगे नेताओं के पोस्टर एवं होर्डिंग हटवाए। दीवारों पर से प्रचार सामग्री को हटवाया गया।
नगर पंचायत सैदनगली में आचार संहिता का पालन कराने हेतु स्थानीय पुलिस एवं नगर पंचायत की टीम ने अभियान चलाकर कस्बे में जगह-जगह लगे होर्डिंग बैनर उतार दिए। विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है।
थाना इंचार्ज सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हर हालत में विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराए जाएंगे तथा आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
उधर, बुरावली क्षेत्र में रहरा पुलिस द्वारा चुनाव सामग्री को हटवाया गया। कहा कि अब कोई भी होर्डिंग एवं बैनर नहीं लगाएगा। पुराने पोस्टरों को हटाया जा रहा है।