अमरोहा के आदमपुर थाना इलाके में गंगा की रेती पर कब्जे को लेकर दो जनपदों के ग्रामीणों में तनातनी बनी हुई है। शनिवार रात दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग भी की गई। फायरिंग से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही रहरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख फायरिंग कर रहे लोग फरार हो गए। सप्ताहभर से गंगा की जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों ओर के लोगों में तनातनी बनी हुई है।
हसनपुर तहसील के आदमपुर थाना इलाके की ग्राम पंचायत बिहारीपुर का मझरा जामनों वाली मंढ़ैैया के पास गंगा की धार दो भागों में बंट गई। गंगा में जल स्तर कम होने की वजह से करीब 50-60 बीघा भूमि का टापू गंगा ने छोड़ दिया है। गंगा के दूसरी तरफ बुलंदशहर जनपद के थाना नरसेना इलाके का गांव गजरौला पड़ता है।
गजरौला व जामनों वाली मढ़ैया के कुछ ग्रामीण उस भूमि पर कब्जा कर फसल उगाना चाहते हैं। इसके लेकर सप्ताहभर से ग्रामीणों में तनातनी बनी हुई है। जामनों वाली मढ़ैया के ग्रामीणों का कहना है कि जमीन हमारे गांव के पास है, इसलिए हम इस पर फसल उगाएंगे। जबकि गजरौला के ग्रामीण उस पर अपना कब्जा चाहते हैं। ऐसे में कई दिन पहले जमीन को जोतने के लिए ग्रामीण गंगा की रेती पर पहुंच रहे हैं, लेकिन तनातनी होने पर वापस लौट जाते हैं।
शनिवार की रात को दोनों ओर के ग्रामीणों ने गंगा की रेती पर कब्जा करने के लिए कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाई। फायरिंग की सूचना मिलते ही रहरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख फायरिंग कर रहे लोग मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कब्जे को लेकर कई दिन से फायरिंग की जा रही है। इससे आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।