हाईवे पर दौड़ती कार में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
- दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर पाया आग पर काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
रजबपुर (अमरोहा)। नेशनल हाईवे पर दौड़ती कार में अचानक आग लग गई। थोड़ी देर में कार धू-धूकर जलने लगी। चालक ने कार से कूद कर जान बचाई। घटना में चालक मामूली रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर बमुश्किल काबू पाया। अग्निकांड में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
यह हादसा बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे नेशनल हाईवे स्थित रजबपुर के पास हुआ। बरेली के नवादा शेखान निवासी आनंद शर्मा कार में सवार होकर गजरौला की दिशा से बरेली लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार नेशनल हाईवे-24 पर रजबपुर के पास पहुंची तभी अचानक आग लग गई। कार में आनंद शर्मा अकेले ही सवार थे। उन्होंने आनन-फानन में कार को हाईवे किनारे खड़ा किया। जलती हुई कार से कूद कर जान बचाई। इस बीच वह मामूली रूप से झुलस गए। थोड़ी देर में कार आग का गोला बन गई। सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मियों की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। नेशनल हाईवे पर कार में आग लगने की घटना से करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। कार पेट्रोल की बताई जा रहे हैं। थानाध्यक्ष रमेश सहरावत ने बताया कि आग पूरी तरह जल गई है। मामूली रूप से घायल चालक आनंद शर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।