नौगावां सादात। घर में बने जैकेट के गोदाम में सोमवार की रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। थोड़ी देर में लपटें आसमान छूने लगीं। किसी तरह जैकेट कारोबारी के परिवार ने घर से निकलकर जान बचाई। अग्निकांड में करीब आठ हजार तैयार जैकेट व अन्य सामान जलकर राख हो गया।
अग्निकांड की ये घटना नौगावां सादात के बिलनी बसीर नगर की है। यहां पर इब्ने हसन का परिवार रहता है। उनके बेटे असद जैकेट का कारोबार करते हैं। उन्होंने घर में ही गोदाम बना रखा है। सोमवार की रात करीब 2:30 बजे कारोबारी असद के परिवार के सभी सदस्य घर में सोए हुए थे। तभी अचानक शाॅर्ट सर्किट से गोदाम में आग लग गई। थोड़ी देर में आग ने भीषण रूप ले लिया। आगे की लपटें और धुएं के गुबार आसमान छूने लगे। इसी दौरान किसी तरह कारोबारी के परिवार ने घर से निकाल कर जान बचाई।
शोर सुनने के बाद आसपास के लोग भी जाग गए। तमाम लोग पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंच गई और पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन इससे पहले आग की चपेट में आकर आठ हजार जैकेट व अन्य सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित कारोबारी असद ने भारी नुकसान होने की बात कही है।