अमरोहा। जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर पंद्रह लाख रुपये हड़पने और घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में रजबपुर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रजबपुर थानाक्षेत्र के गांव कुंदरकी भूड़ में हनीफ का परिवार रहता है। उन्हें जमीन खरीदनी थी। तभी गांव के रहने वाले सद्दीक ने उसकी मुलाकात दो व्यक्ति से कराई। सभी ने मिलकर आम के बाग की जमीन 30 लाख रुपये में तय की। हनीफ ने जमीन की फर्द दिखाने के लिए कहा तो फर्जी फर्द तैयार कर आरोपियों का नाम उसमें दर्शा दिए। गांव में चकबंदी प्रक्रिया चल रही है। इसलिए विश्वास में आकर 15 अगस्त 2020 को 15 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। इस दौरान आरोपियों ने एक स्टांप भी पीड़ित के नाम करा दिया। 17 सितंबर 2021 को हनीफ जमीन पर पहुंचे तो वहां किसी अन्य व्यक्ति का कब्जा था। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी। इस पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
10 फरवरी 2022 की शाम चार बजे हनीफ अपने घर पर बैठा था, तभी आरोपियों ने घर पर चढ़ाई कर दी और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। घर में तोड़फोड़ की गई। रुपए मांगने पर हत्या कराने की धमकी दी। पीड़ित हनीफ ने मामले की शिकायत पुलिस से की, तो कोई सुनवाई नहीं हुई। लिहाजा उसने न्यायालय की शरण ली।
बृहस्पतिवार को न्यायालय के आदेश पर आरोपी सत्तार, नबी हसन उर्फ एस के यादव निवासी मिठनपुर कलां, कैलाश निवासी जब्बारपुर, सोमवीर सिंह निवासी खेड़ा अपरौला, सद्दीक निवासी नूरपुर तुगलकाबाद, फत्तू और तो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी, घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़, गाली गलौज और धमकी के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष रमेश सहरावत ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।