अमरोहा। स्टेबलाइजर कारखाने में बॉयलर फटने से दो मजदूरों की मौत के मामले में परिजनों की तहरीर पर मालिक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या और लापरवाही की रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिपोर्ट दर्ज होने से पहले ही आरोपी कारखाना मालिक फरार हो गया। परिजनों ने मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। कारखाने में सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं रखने का हवाला दिया। पुलिस कारखाना मालिक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बड़ा दरबार मुरादाबादी गेट निवासी अजीम अमरोहा देहात थाने के सामने यूनिक मेडल वर्कर के नाम से स्टेबलाइजर और इंवर्टर की बॉडी तैयार करने का कारखाना है। कारखाने में स्टेबलाइजर और इंवर्टर की बॉडी तैयार कर उस पर पेंट किया जाता है। बुधवार को कारखाने का बॉयलर ब्लास्ट हो गया। इसमें मोहल्ला कटकुई निवासी मोहम्मद अरशद और मोहल्ला कटरा गुलाम अली निवासी शोएब की मौत हो गई। कारखाने की दीवार गिरने से दो लोग घायल हो गए थे। मजदूरों के परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर कारखाना मालिक अजीम अहमद पर लापरवाही का आरोप लगाया। कहा कि कारखाना में सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं थे। जिस कारण घटना हुई है। इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि मजदूर अरशद के भाई नुसरत अली की तहरीर पर कारखाना मालिक अजीम अहमद के खिलाफ गैरइरादतन हत्या और लापरवाही की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटना के बाद आरोपी कारखाना मालिक फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।