अमरोहा। भारत-पाकिस्तान केबीच क्रिकेट के टी-20 मुकाबले के बाद देेश के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एक महिला के खिलाफ नगर कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदू जागरण मंच के विभाग संयोजक हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में तमाम कार्यकर्ता शुक्रवार को एसपी पूनम से मिले थे। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया था कि अमरोहा में कांठ रोड निवासी एक महिला ने भारत-पाकिस्तान मैच के बाद देश के खिलाफ और पाकिस्तान के समर्थन में व्हाट्सएप पर स्टेटस लगाया और देश पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसमें भारत के प्रति काफी खराब शब्दों का इस्तेमाल किया था।
एसपी पूनम ने नगर कोतवाली पुलिस को इस मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। सीओ सिटी विजय कुुमार राणा ने बताया कि हिंदू जागरण मंच अमरोहा के विभाग संयोजक की शिकायत पर आरोपी महिला नाहिद नाज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जल्द की उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
इन धाराओं में दर्ज हुई एफआईआर
सीओ सिटी विजय कुमार राना ने बताया कि प्रकरण में आईपीसी की धारा 505(2), 153-बी और सूचना प्रोद्योगिकी अधिनियम 67सी के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।