सोमवार को गांव के रहने वाले बाबूराम जाटव की दो बेटियों की शादी थी। एक बरात हसनपुर और दूसरी बरात मुरादाबाद से आई थी। शाम के समय मुरादाबाद वाली बरात की चढ़त हो रही थी। जिस रास्ते पर बरात चढ़ाई जा रही थी। उसी रास्ते पर कार सवार युवकों ने साइड मांगने के लिए हॉर्न बजाना शुरू कर दिया, लेकिन शोर अधिक होने एवं रास्ता संकरा होने के कारण कार को साइड ना मिल सकी।
आरोप है कि इसी बात पर कार सवार यादव समाज के युवकों ने गाली-गलौज करते हुए बरातियों से मारपीट शुरू कर दी। जमकर लाठी-डंडे चले व पथराव भी हुआ। बरातियों का आरोप है कि कार सवार युवकों ने एक बराती को कार से टक्कर मार दी। इसके बाद विवाद बढ़ गया। मारपीट में मुरादाबाद के खुशहालपुर निवसी अभिषेक, गुड्डू, कन्हैया व शनि समेत छह लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला शांत कराया था। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि मारपीट एवं पथराव में नितेंद्र, विवेक, शिवम, गोलू, निशांत, जितेंद्र, काकी व गोपी निवासी रहदरा थाना गजरौला को नामजद करते हुए 28 लोगोें के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।