कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरसा गुर्जर में बुधवार की रात को बरात चढ़त के बाद गांव के ही लोगों ने मामूली बात पर शादी वाले घर के लोगों के साथ मारपीट कर दी। जिसमें दुल्हन की दादी समेत दो लोग घायल हो गए। बरातियों से भी नोकझोंक हुई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने मामला शांत कराया। घायलों का अस्पताल में उपचार कराया गया है। मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गांव सिरसा गुर्जर में बुधवार को गांव निवासी अनोज की बेटी की बारात आई थी। देर शाम बरात चढ़त के बाद में फेरे की रस्म अदायगी की जा रही थी। इसी बीच पड़ोसी बाइक लेकर घर के सामने से गुजर रहा था। किसी शरारती तत्व ने बाइक की चाबी निकाल ली।इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। शादी में आए हुए मेहमानों में खलबली मच गई। मारपीट में दुल्हन की दादी लक्ष्मी घायल हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। घायल का उपचार कराया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके चौहान ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर अरविंद, सौरभ, बिक्की और सुरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद