अंतिम संस्कार कराने के बाद गंगा में नहाते समय बहे युवक का शव 20 घंटे बाद घटना स्थल से करीब तीन किमी दूर मिला। बताया जा रहा है कि डूबने के कारण शव फूल गया था। शव को गोताखोरों ने बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया। वह बिना पुलिस कार्रवाई घर ले गए।
बनियाठेर थाना क्षेत्र के नगला खाकम निवासी नरेश नाथ की असमोली थाना क्षेत्र के नवादा गांव में ससुराल है। शनिवार को नरेश नाथ की पत्नी के दादा का निधन हो गया था। जिसका अंतिम संस्कार करने के लिए तिगरी लाया गया था। यहां पर दाह संस्कार करने के बाद रिश्तेदार और परिजन गंगा में नहाने लगे थे। नरेश नाथ नहाते समय गहरे पानी में चले जाने के कारण बह गया था। उसे देर शाम तक तलाश किया गया, लेकिन पता नहीं चला था। रविवार को दिन निकलते ही गोताखोर तलाश में फिर जुट गए। सुबह दस बजे उसका शव बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि उसका शव घटना स्थल से तीन किमी दूर मिला। गोताखोरों ने गंगा से शव बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस कार्रवाई के बिना ही परिजन शव को घर ले गए। थाना प्रभारी राजेश कुमार तिवारी ने शव बरामद हो जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि उसके परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया।