मंडी धनौरा (अमरोहा)। बेटी की बदनामी के डर और सदमे ने मंगलवार को एक पिता की जान ले ली। प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत के फोटो खींचने के बाद उन्हें वायरल करने की धमकी देकर युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। इससे आहत युवती ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर जान देने की कोशिश की। बेटी की हालत और घटना की जानकारी मिलने के बाद से परेशान पिता की हार्टअटैक से मौत हो गई।
मामला थाना क्षेत्र के एक गांव का है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी युवती का दूसरी बिरादरी के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि बीते रविवार की रात परिजनों की गैरमौजूदगी में प्रेमी युवती के घर पहुंचा था। आरोप है कि इस दौरान दोनों के बीच संबंध बने। इसी बीच मोहल्ले में रहने वाले दूसरे समुदाय के युवक ने दोनों की आपत्तिजनक हालत में फोटो खींच लिए।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवती के प्रेमी का दोस्त है। आरोप है कि सोमवार को आरोपी युवक ने फोटो वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल किया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इससे आहत युवती ने सोमवार की शाम को बदनामी के डर से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के प्रयास से उसकी जान बच गई। तभी युवती ने परिजनों को आपबीती बताई।
इस बीच गांव में आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल होने की अफवाह भी फैल गई। बेटी के साथ हुई घटना और सामाजिक बदनामी की आशंका से पिता गहरे सदमे में आ गए। ग्रामीणों ने बताया कि बीते मंगलवार को युवती के पिता को हार्टअटैक आया और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, पुलिस ने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इन्कार किया है।
बेटी से दुष्कर्म और पिता की मौत के संबंध में थाने से जानकारी जुटाई जा रही है। उसके बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-अंजलि कटारिया, सीओ, मंडी धनौरा